
आयोग अध्यक्ष ने कहा देवभूमि में महिला सुरक्षा अत्यंत संवेदनशील मुद्दा, अपनाई जाए जीरो टॉलरेंस नीति
महिला सम्बन्धित अपराधों में हो सख्ताई से कार्रवाई, सुरक्षा व्यवस्था को बनाया जाए अधिक प्रभावी: अध्यक्ष, महिला आयोग

उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती कुसुम कंडवाल ने आज पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) श्री अभिनव कुमार के साथ पुलिस मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों के संरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गहन चर्चा की गई।
अध्यक्ष श्रीमती कंडवाल ने कहा कि महिला सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता है और महिला अपराधों की रोकथाम के लिए सख्त कदम उठाने होंगे। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा नारी सशक्तिकरण के लिए अनेक प्रयास किए जा रहे हैं और महिला सुरक्षा के लिए सख्त कानून बनाए गए हैं। इसके बावजूद, अपराधियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
श्रीमती कंडवाल ने यह भी कहा कि देवभूमि में महिला सुरक्षा एक अत्यंत संवेदनशील मुद्दा है, जिसके लिए महिला आयोग और पुलिस को मिलकर समाज में जागरूकता बढ़ाने के प्रयास करने होंगे।
डीजीपी श्री अभिनव कुमार ने महिला सुरक्षा के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने महिला अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक में महिलाओं के अधिकारों के प्रति जन जागरूकता और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।