उत्तराखंड एसटीएफ ने अंतर्राज्यीय साइबर फ्रॉड गिरोह का किया भंडाफोड़, 13 आरोपित गिरफ्तार

देहरादून, 19 फरवरी 2025:
उत्तराखंड पुलिस ने देहरादून में एक अंतर्राज्यीय साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो विदेशी नागरिकों को धोखा देने के लिए अवैध कॉल सेंटर चला रहा था। विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और पटेल नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 13 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

इस गिरोह के सदस्य माइक्रोसॉफ्ट और एप्पल के प्रतिनिधि बनकर अमेरिकी और कनाडाई नागरिकों को कॉल करते थे। आरोपित उनके सिस्टम में पॉप-अप मैसेज भेजकर दावा करते थे कि उनके कंप्यूटर में पोर्न साइट्स देखी गई हैं, और इस पर कार्रवाई से बचने के लिए मदद की पेशकश करते थे। धोखाधड़ी करने के लिए ये लोग X-LITE डायलर का इस्तेमाल करते थे।

गिरफ्तार आरोपितों के पास से पुलिस ने 13 लैपटॉप, 2 वाईफाई राउटर, 3 स्विच, 1 मीडिया कन्वर्टर, 1 एक्सटेंशन, 10 लैपटॉप चार्जर, 5 माउस, 10 हेडफोन, 4 मोबाइल फोन और अन्य उपकरण बरामद किए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ, श्री नवनीत सिंह ने बताया कि पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि चमन विहार, सहारनपुर रोड पर एक इमारत में अवैध रूप से कॉल सेंटर चलाया जा रहा था। इस पर एसटीएफ और पटेल नगर थाना पुलिस की टीम ने 18 फरवरी 2025 को छापेमारी की और आरोपितों को रंगे हाथ पकड़ लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे यूएसए और कनाडा के नागरिकों को टारगेट करते थे और उनके कंप्यूटर और मोबाइल के एक्सेस को प्राप्त करके फर्जी पॉप-अप मैसेज के जरिए उन्हें धोखा देते थे।

एसटीएफ ने कहा कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली साइबर धोखाधड़ी की एक बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) और IT एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।

पुलिस की कार्रवाई जारी है और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!