उत्तराखंड बीजेपी को मिला नया प्रभारी
भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए कई राज्यों के प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त किए हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड बीजेपी को भी नया प्रदेश प्रभारी और दो सह प्रभारी मिले हैं। पार्टी ने वरिष्ठ नेता राम माधव को उत्तराखंड का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन को सह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बीजेपी के इस संगठनात्मक बदलाव को आगामी चुनावी और संगठनात्मक तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि कार्यकारिणी के विस्तार के बाद स्वाभाविक रूप से सभी राज्यों के प्रभारियों की घोषणा होनी थी। इसी क्रम में उत्तराखंड के प्रभारी के रूप में वरिष्ठ नेता राम माधव को जिम्मेदारी दी गई है।
उन्होंने कहा कि राम माधव को सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में काम करने का लंबा अनुभव है। वहीं बांसुरी स्वराज को सह प्रभारी बनाया गया है, जो युवा और अनुभवी नेतृत्व के रूप में पार्टी के लिए काम कर रही हैं। इसके साथ ही अरविंद मेनन को भी सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
कुंदन परिहार ने कहा कि अरविंद मेनन को चुनावी रणनीति और संगठनात्मक कार्यों का व्यापक अनुभव है।