देहरादून में फर्जी MBBS सर्टिफिकेट मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
देहरादून: फर्जी MBBS प्रमाण पत्र मामले में पुलिस की SIT ने जांच तेज कर दी है। जांच के दौरान SIT ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले से जुड़े CHC सेंटर की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, फर्जी आधार कार्ड बनवाने में संलिप्त लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। इस संबंध में थाना रायपुर में मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद SIT ने जांच आगे बढ़ाई।
जांच में सामने आया है कि फर्जी प्रमाण पत्र तैयार करने का कथित मास्टरमाइंड मेरठ का रहने वाला है और वहां उसका एक इंस्टीट्यूट भी संचालित है। SIT अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि करीब 12 अन्य लोग भी SIT के रडार पर हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने प्रत्येक व्यक्ति से करीब 45 लाख रुपये लिए हैं।
फिलहाल SIT गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका तथा फर्जी प्रमाण पत्र और दस्तावेज तैयार करने के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की जांच जारी है।