उत्तराखंड क्रांति दल का मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के विरोध में आंदोलन, बर्खास्तगी तक जारी रहेगा संघर्ष

पौड़ी (भगवान सिंह):
उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा पहाड़ी समाज के अपमान के खिलाफ विरोध का ऐलान किया है। पौड़ी में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष पूरन सिंह कठैत, केंद्रीय अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ आशीष नेगी, कार्यकारी अध्यक्ष आनंद प्रकाश जुयाल और अन्य पदाधिकारियों ने आंदोलन की आगामी रणनीति के बारे में जानकारी दी।

उक्रांद के नेताओं ने कहा कि मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के द्वारा विधानसभा में पहाड़ियों को अपशब्द कहने के बाद उनका विरोध और तेज होगा। उक्रांद ने कहा कि मंत्री का यह बयान राज्य के मूल निवासियों के लिए अपमानजनक है और इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पूरन सिंह कठैत ने कहा, “हमारा आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को बर्खास्त नहीं किया जाता।” उन्होंने बताया कि आगामी 10 मार्च को उक्रांद के कार्यकर्ता पूरे उत्तराखंड में विधायकों के आवासों का घेराव करेंगे और उनसे यह सवाल पूछेंगे कि वे पहाड़ी समाज के अपमान पर चुप क्यों हैं।

इसके साथ ही, उक्रांद ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडोली के व्यवहार की भी निंदा की और कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष से जो राज्य बना, उसके निर्माण में शहादतें दी गईं, लेकिन सदन में कोई भी विधायक मंत्री अग्रवाल के बयान पर प्रतिक्रिया देने को तैयार नहीं था। यह गंभीर चिंता का विषय है।

उक्रांद ने साफ किया कि मंत्री अग्रवाल के खिलाफ आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक उनकी बर्खास्तगी नहीं हो जाती। उत्तराखंड क्रांति दल ने कहा कि पहाड़ी समाज के सम्मान की रक्षा के लिए वे किसी भी हद तक जाएंगे और इस आंदोलन को तेज करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!