रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच द हैरिटेज स्कूल में अलंकरण समारोह हर्षोल्लास से संपन्न

देहरादून: द हैरिटेज स्कूल में आज रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच सीनियर और जूनियर वर्ग की निर्वाचित छात्र परिषद का अलंकरण समारोह धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शैक्षणिक वर्ष 2025-2026 के लिए सभी सदनों के कैप्टनों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

सीनियर स्कूल से युवराज चौधरी को हेड ब्वॉय और मानवी बंसल को हेड गर्ल चुना गया है। वहीं, जूनियर स्कूल में प्रियम मिश्रा ने हेड ब्वॉय और स्पर्धा जोशी ने हेड गर्ल की जिम्मेदारी संभाली।

न्यू रोड स्थित द हैरिटेज स्कूल के सभागार में आयोजित इस अलंकरण समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि दमनप्रीत कुकरेजा, विशिष्ट अतिथि पूजा मेहरा, स्कूल के चेयरमैन चौधरी अवधेश कुमार, निदेशक उमा चौधरी, निदेशक विक्रांत चौधरी, काउंसलर चारू चौधरी और प्रधानाचार्य डॉ. अंजू त्यागी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर स्कूल के छात्र-छात्राओं ने मधुर प्रार्थना गीत ‘ऐ मेरे मन, करना तू ऐसे करम’ प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में छात्राओं ने भरतनाट्यम पर आधारित स्वागत गीत ‘धीम त डारे’ की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसने सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अतिरिक्त, छात्रों ने एक सुंदर अंग्रेजी गीत ‘साइन यूअर वे’ भी प्रस्तुत किया। निवेदिता ढौढियाल ने सभी सदनों के कैप्टनों को गरिमापूर्ण ढंग से पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस महत्वपूर्ण अवसर पर स्कूल के निदेशक विक्रांत चौधरी ने प्रतीकात्मक चिराग और पवित्र लाल किताब स्कूल कैप्टन को सौंपी।

मुख्य अतिथि दमनप्रीत कुकरेजा ने अपने संबोधन में भावी नेताओं को तैयार करने में स्कूल के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने परिषद के सदस्यों को एक आदर्श उदाहरण प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा-दीक्षा पर विशेष ध्यान देने और सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छात्रों के शैक्षिक विकास में उत्कृष्ट समर्पण के लिए सभी को आगे आना होगा।

समारोह के अंत में स्कूल के चेयरमैन चौधरी अवधेश कुमार, निदेशक विक्रांत चौधरी और प्रधानाचार्य डॉ. अंजू त्यागी ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। स्कूल गान और राष्ट्रगान के साथ अलंकरण समारोह का समापन हुआ।

इस गरिमामय अवसर पर विशिष्ट अतिथि पूजा मेहरा, स्कूल के चेयरमैन चौधरी अवधेश कुमार, निदेशक उमा चौधरी, निदेशक विक्रांत चौधरी, काउंसलर चारू चौधरी, प्रधानाचार्य डॉ. अंजू त्यागी, जूनियर कोर्डिनेटर सारिका जैन सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!