हरिद्वार में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला, राज्य महिला आयोग ने लिया संज्ञान

हरिद्वार। हरिद्वार के धनपुरा पथरी में 9 अगस्त को एक नाबालिग लड़की के साथ हुए दुष्कर्म मामले में उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल को सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने पीड़िता को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी अरविंद को 15 घंटे के भीतर पथरी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि अरविंद पीड़िता को जानता था और बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में उसने अपने दो साथियों को भी बुलाया। इन दोनों आरोपियों ने पीड़िता के साथ अश्लील हरकतें और बदतमीजी की।

एसएसपी ने बताया कि बदतमीजी के दौरान पीड़िता को छत पर ले जाया गया, जहां वह छत से नीचे गिर गई। इस वजह से उसे गंभीर चोटें आई हैं। पीड़िता को इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है। उसका मेडिकल टेस्ट हो चुका है, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है।

पुलिस ने बताया कि दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश में टीमें रवाना कर दी गई हैं और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पीड़िता का धारा 164 के तहत बयान कल दर्ज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!