मंत्री गणेश जोशी ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम से की मुलाक़ात

उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में सड़क विकास और समसामयिक मुद्दों पर चर्चा की।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात

सोमवार को नई दिल्ली में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर राज्य में सड़क विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से राष्ट्रीय राजमार्ग 707A पर मसूरी बैंड से कैंपटी फॉल और बाटाघाट के बीच क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और चौड़ीकरण का अनुरोध किया।

इसके अलावा, जोशी ने मसूरी में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक जाम की समस्या को खत्म करने के लिए सुरंग (टनल) बनाने और किमाड़ी मोटर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग में शामिल कर इसका निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू करने का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इन सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।

भाजपा महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम से भेंट

गणेश जोशी ने दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम से भी शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं ने उत्तराखंड से जुड़े कई समसामयिक मुद्दों पर चर्चा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!