देहरादून में युवक गिरफ्तार: सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी से भड़का तनाव, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

देहरादून- सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी ने रविवार को देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में तनाव का माहौल पैदा कर दिया। नबी के खिलाफ की गई टिप्पणी का स्क्रीनशॉट वायरल होने पर समुदाय विशेष के लोग विरोध में सड़कों पर उतर आए। हालात बिगड़ते देख पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।

पुलिस के अनुसार, आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले आरोपी की पहचान गुलशन (19 वर्ष) पुत्र वीर सिंह, निवासी ब्रह्मपुरी थाना पटेलनगर, मूल निवासी ग्राम सरोना, थाना बिलग्राम, जिला हरदोई (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। चौकी प्रभारी बाजार प्रमोद शाह की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया। साथ ही, विवादित पोस्ट को सोशल मीडिया से हटवा दिया गया है।

तनाव बढ़ने पर पुलिस ने क्षेत्र में सघन कांबिंग की और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। इस दौरान कई स्थानों पर लोगों को समझाकर घरों की ओर भेजा गया।

एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट किया कि किसी को भी सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने या अराजकता फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे तत्वों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी ताकि भविष्य में कोई माहौल खराब करने की कोशिश न कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!