देहरादून। राजधानी देहरादून के चुना भट्ठा इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब पुल के नीचे एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पुलिस टीम पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मामला थाना रायपुर क्षेत्र का है। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस फिलहाल मृतक की पहचान करने में जुटी हुई है।
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम और आगे की कार्रवाई के लिए कोरोनेशन हॉस्पिटल की मोर्चरी में भिजवा दिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शव यहां कैसे पहुंचा और मौत किन परिस्थितियों में हुई। शिनाख्त और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।

