उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जनपद में हुई दर्दनाक वाहन दुर्घटना पर नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
वहीं राज्य सरकार ने भी उत्तराखंड सड़क परिवहन दुर्घटना राहत नियमावली के तहत मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से अतिरिक्त सहायता देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को 3-3 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुखद समय में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों का समुचित और त्वरित इलाज सुनिश्चित किया जाए।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों से लगातार संपर्क बनाए रखने और उन्हें तत्काल सहायता प्रदान करने के निर्देश भी दिए हैं।

