केदारनाथ में चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्ति पकड़ा, हथियार और खिलौना बंदूकें बरामद
बिना आईडी टेंट में ठहराने पर टेंट संचालक के खिलाफ भी पुलिस की कार्रवाई
रुद्रप्रयाग जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 6 मई 2026 की शाम केदारनाथ क्षेत्र में पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच और टेंटों का निरीक्षण किया गया।
सीओ केदारनाथ श्री नितिन लोहनी ने जानकारी देते हुए बताया कि चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा, जिसके पास से दो धारदार हथियार और दो खिलौना बंदूकें बरामद हुईं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पकड़ा गया व्यक्ति उत्तर प्रदेश के रायबरेली जनपद का निवासी है।
पुलिस द्वारा उसके परिजनों से संपर्क करने पर जानकारी मिली कि संबंधित व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
सीओ नितिन लोहनी ने यह भी स्पष्ट किया कि जिस टेंट संचालक ने उक्त व्यक्ति को बिना किसी वैध पहचान पत्र के अपने यहां ठहराया था, उसके खिलाफ भी नियमों के उल्लंघन के तहत चालानी कार्रवाई की जा रही है।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें।

