चमोली (नीति घाटी), 2 जून 2026: भारत-चीन सीमा से सटी उत्तराखंड की दुर्गम नीति घाटी अब केवल सामरिक महत्व की वजह से नहीं, बल्कि साहसिक खेलों के नए केंद्र के रूप में भी देशभर में पहचान बना रही है।
पर्यटन विभाग, उत्तराखंड की शानदार पहल के तहत आयोजित नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन का समापन साइकिल रेस के साथ हुआ। तीन दिवसीय इस भव्य आयोजन में मैराथन से लेकर साइक्लिंग तक की विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने बड़े उत्साह के साथ भागीदारी की।
इस आयोजन में देश के 27 राज्यों से आए 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य सिर्फ खेल आयोजन तक सीमित नहीं था, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना, स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाना और युवाओं को फिटनेस तथा एडवेंचर स्पोर्ट्स की ओर प्रेरित करना भी था।
नीति घाटी की प्राकृतिक सुंदरता, ऊंची चोटियों और चुनौतीपूर्ण रास्तों ने इस आयोजन को यादगार बना दिया। स्थानीय प्रशासन और पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से न सिर्फ क्षेत्र का पर्यटन विकास होगा, बल्कि स्थानीय युवाओं को भी रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
यह आयोजन उत्तराखंड सरकार की ‘एडवेंचर टूरिज्म’ को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों ने भविष्य में नीति घाटी को और बड़े स्तर पर अंतरराष्ट्रीय साहसिक खेलों का केंद्र बनाने की योजना जताई है।
नीति घाटी अब एडवेंचर प्रेमियों के लिए एक नया आकर्षण केंद्र बनकर उभर रही है, जहां प्राकृतिक सौंदर्य के साथ साहस की परीक्षा भी होती है।
नीति घाटी बना साहसिक खेलों का नया हब, 1200 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
https://www.youtube.com/0vQxV_ynKyc

