
जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण ने जागरों से माहौल पूर्णतया भक्ति मय कर दिया।
देहरादून- 26 जून 2026- राजधानी के प्रसिद्ध माँ कालिंका देव डोली मंदिर में शुक्रवार को आठवाँ वार्षिक उत्सव बड़े श्रद्धाभाव और पारंपरिक जोश के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रख्यात जागर सम्राट डॉ प्रीतम भरतवाण, विशिष्ट अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता बीर सिंह पंवार के साथ ही उपस्थित गणमान्य द्वारा दीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से किया गया। आयोजन में आराधना, भजन-कीर्तन, विशेष जागरण और प्रसाद वितरण सहित विविध धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुए।
माँ कालिंका देव डोली मंदिर के पीठाधीश और उपासक परमजीत नेगी ने बताया कि इस शुभ अवसर पर सुप्रसिद्ध जागर गायक डॉ. प्रीतम भरतवाण विशेष आमंत्रित अतिथि थे।
डॉ. भरतवाण ने अपने मधुर और भावपूर्ण जागरों से कार्यक्रम का वैभव बढ़ाया और श्रद्धालुओं ने उनकी प्रस्तुति का भरपूर आनंद लिया।
समारोह में सुबह की आराधना से प्रारम्भ कर शाम तक निरंतर भजन-कीर्तन और विशेष जागरण जारी रहा।
कार्यक्रम में आए श्रद्धालुगणों ने भी अपने जीवन के अनुभवों से भी मीडिया को अवगत कराते हुए बताया कि उन्हें कई सालों से चली आ रही परेशानियों का समाधान माँ कालिंका के दरबार में मिला और कई लोगों के जीवन में माँ के आशीर्वाद से स्थिरता बनी हुई है ।
आयोजक माँ कालिंका देव डोली ट्रस्ट ने आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न के लिए सभी परिवारों और स्थानीय सहयोगियों का आभार व्यक्त किया ।
स्थानीय श्रद्धालुओं ने आयोजन की स्तुति करते हुए कहा कि यह पर्व समुदाय में एकता और सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत रखने का माध्यम है। विशिष्ट अतिथि डॉ. प्रीतम भरतवाण की प्रस्तुति ने विशेष रूप से युवाओं को भी कार्यक्रम से जोड़ा।
माँ कालिंका देव डोली मंदिर का यह वार्षिक उत्सव पिछले आठ वर्षों से नियमित रूप से मनाया जा रहा है और क्षेत्रीय लोक-धार्मिक परंपराओं को निभाने का एक प्रमुख अवसर बन चुका है।
इस अवसर पर स्थानीय पार्षद सोबत सिंह रमोला ,केदारपुर पार्षद दर्शन लाल बिंजोला समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे ।


