उत्तराखंड आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश बैठक: 8 अगस्त को ब्लॉक कमेटी Meetings, चुनावी संघर्ष की तैयारी

देहरादून: उत्तराखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश कमेटी की बैठक आज 20 जुलाई 2026 को जैन धर्मशाला, देहरादून में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सुशीला खत्री ने की, जबकि संचालन प्रदेश मंत्री अनीता सिंह ने किया।
बैठक में जिला एवं ब्लॉक अध्यक्षों ने भाग लिया और सर्वसम्मति से संगठन के आगामी कार्यक्रम तय किए गए। तय कार्यक्रम के अनुसार 8 अगस्त 2026 को प्रदेश के समस्त ब्लॉकों में ब्लॉक कमेटी की बैठकें आयोजित की जाएंगी।
प्रदेश अध्यक्ष सुशीला खत्री ने कहा, “संगठन ही हमारा आधार है, सेवा ही हमारा संस्कार है।” उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठन को मजबूत बनाने, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं की समस्याओं को प्राथमिकता देने तथा अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर हक-हित के लिए संघर्ष करने की अपील की।
बैठक में प्रदेश मंत्री अनीता सिंह, जिला अध्यक्ष रुक्मणी धामी सहित कई ब्लॉक अध्यक्षों समेत अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
