इस दिवाली एबीवीपी डायनामाइट फ्यूज, डीएवी में जीत के साथ आर्यन छात्र संगठन का धमाकेदार सूर्योदय

राजधानी देहरादून के सबसे बड़े महाविद्यालय डीएवी के छात्र संघ चुनाव में पहली बार बड़ा उलट फेर हुआ है। 2019 को छोड़ दें तो लगातार पिछले 13 साल से डीएवी छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का दबदबा रहा है। गौरतलब है कि आर्यन छात्र संगठन ने पहली बार अध्यक्ष पद पर अपना उम्मीदवार खड़ा किया था और अध्यक्ष पद पर आर्यन छात्र संगठन के ही सिद्धार्थ अग्रवाल ने जीत दर्ज की। मंगलवार को हुए मतदान में छात्रों के मुकाबले छात्राएं अपने वोट का प्रयोग करने में आगे रहीं। 28.14 प्रतिशत छात्र तो 36.40 प्रतिशत छात्राओं ने वोट किया। कुल मिलाकर 32.17 प्रतिशत वोट पड़ा।सुबह नौ बजे डीएवी में वोटिंग शुरू हुई। छात्र व छात्राओं के लिए आठ-आठ बूथ बनाए गए थे। करीब दो बजे बजे तक मतदान हुआ। इसके बाद तीन बजे मतगणना शुरू हुई और देर शाम को विजेताओं की घोषणा हुई। डीएवी में उपाध्यक्ष पद पर दिवाकर ग्रुप के अनुज शाह, सहसचिव पर एबीवीपी के चंद्रशेखर और विवि प्रतिनिधि पद पर एनएसयूआई की शालिनी भंडारी विजयी रहीं । मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने विजेताओं की घोषणा की। प्राचार्य डॉ. एसके सिंह ने विजेता छात्रों को प्रमाणपत्र दिए। वहीं चुनाव परिणाम जारी होने के बाद आर्यन संगठन के पदाधिकारी और समर्थकों ने कॉलेज के मुख्य गेट पर नारेबाजी और आतिशबाजी के साथ जीत का जश्न मनाया। जबकि दूसरी तरफ एमकेपी , डीबीएस और श्री गुरु राम राय पीजी कॉलेज में एबीवीपी ने अध्यक्ष पद को अपनी झोली में डाला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!