सरकार मलिन बस्तियों को मालिकाना हक देने से क्यों कतरा रही है: कांग्रेस

देहरादून: उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि सरकार बार-बार अध्यादेश लाकर मलिन बस्तियों के निवासियों को धोखा दे रही है। उन्होंने पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा चुनाव के समय लोगों को कोर्ट के आदेश का डर दिखाकर वोट हासिल करने की कोशिश कर रही है।

धस्माना ने कहा कि 2018 में मलिन बस्तियों को उजड़ने से बचाने के लिए कांग्रेस ने आंदोलन किया था, जिसके परिणामस्वरूप त्रिवेंद्र सरकार ने पहला अध्यादेश लाया। इसके बाद 2021 में भी इसी तरह का अध्यादेश लाया गया। अब, जब 23 अक्टूबर को इस अध्यादेश की अवधि समाप्त होने वाली है, भाजपा फिर से नया अध्यादेश लाने की तैयारी में है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने पिछले छह वर्षों में मलिन बस्तियों के नियमितीकरण, मालिकाना हक और पुनर्वास का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला। कांग्रेस पार्टी हमेशा इन बस्तियों को नियमित करने के पक्ष में रही है, और उनकी सरकार बनने पर इन निवासियों को मालिकाना हक दिया जाएगा।

सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि भाजपा की यह नीति केवल वोट बैंक की राजनीति है, जो ना तो मलिन बस्तियों के हक में है और ना ही राज्य के हित में।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!