सेलाकुई में पुलिस ने किया फ्लैग मार्च, जनता से निष्पक्ष मतदान की अपील

आगामी नगर निकाय चुनाव के मद्देनज़र देहरादून पुलिस ने चुनावी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के उद्देश्य से कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में सेलाकुई क्षेत्र में आज फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया।

फ्लैग मार्च की अगुवाई क्षेत्राधिकारी प्रेमनगर ने की, जिसमें सेलाकुई पुलिस के साथ-साथ विकासनगर और सहसपुर पुलिस भी शामिल रही। फ्लैग मार्च मुख्य रूप से सेलाकुई के मुख्य बाजार, जमनपुर, निगम रोड, बहादुरपुर और पीठ वाली गली जैसे इलाकों में किया गया।

पुलिस ने लाउड हेलरों के जरिए जनता से अपील की कि वे आदर्श आचार संहिता का पालन करें और निर्भीक होकर अपने मतदान का अधिकार प्रयोग करें। साथ ही, पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पहले ही सभी अधीनस्थ अधिकारियों को यह निर्देश दिया है कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाए। इसी दिशा में फ्लैग मार्च के जरिए लोगों को जागरूक किया गया और सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।

पुलिस की इस पहल का उद्देश्य न केवल सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखना है, बल्कि जनता को यह संदेश भी देना है कि वे बिना किसी दबाव के स्वतंत्र रूप से मतदान करें।

चुनाव तिथियां:

  • मतदान: 23 जनवरी 2025
  • मतगणना: 25 जनवरी 2025

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!