महिला की स्कॉर्पियो गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिरी, रेस्क्यू टीमों ने बचाया

आज, 22 जनवरी 2025 की प्रातः 08:45 बजे थाना अगस्त्यमुनि को पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि भटवाड़ीसैण पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर नदी में गिर गया है। जानकारी मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर, थानाध्यक्ष महेश रावत सहित एस.डी.आर.एफ, डी.डी.आर.एफ. और आपदा प्रबंधन रुद्रप्रयाग की टीमों ने तुरंत घटनास्थल की ओर रवाना हो गईं।

दुर्घटना स्थल पर पहुंचने पर पता चला कि ब्लैक कलर की स्कॉर्पियो गाड़ी, जिसे एक महिला चला रही थी, श्रीनगर-रुद्रप्रयाग मार्ग से अगस्त्यमुनि की ओर जा रही थी। अचानक गाड़ी गहरी खाई में गिर गई। रेस्क्यू टीमों ने घटनास्थल पर तुरंत सर्च अभियान शुरू किया। टीमों द्वारा गहरी खाई में उतरकर एक महिला को अचेत अवस्था में पाया गया। उसे तुरंत रेस्क्यू कर एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भेजा गया।

महिला की पहचान कुसुमलता पत्नी श्री राजीव कुमार, निवासी गोला बाजार श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल हाल पता विजयनगर, अगस्त्यमुनि, रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है। फिलहाल महिला की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।

इस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस द्वारा जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!