भा.ज.पा ने जिलाध्यक्षों के नाम का पैनल केंद्र को भेजा, पीएम मोदी के उत्तरकाशी दौरे से शीतकालीन यात्रा को मिलेगी वैश्विक पहचान

देहरादून, 4 मार्च: भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) संगठन ने जिलाध्यक्षों के नाम का पैनल राष्ट्रीय पर्यवेक्षक के माध्यम से केंद्र को भेज दिया है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जल्द ही केंद्रीय नेतृत्व से सहमति मिलने के बाद प्रदेश चुनाव अधिकारी द्वारा जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि जिलाध्यक्ष चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण में पहुंचने के बाद सभी 19 सांगठनिक जिलों में भेजे गए पर्यवेक्षकों से रिपोर्ट प्राप्त की गई थी। इस पर विस्तृत चर्चा के बाद सभी जनपदों के लिए 5-5 नामों का पैनल तैयार किया गया और यह पैनल आज पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक, सांसद और किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजकुमार चाहर को सौंप दिया गया है। जल्द ही केंद्रीय नेतृत्व की अनुशंसा के बाद इन नामों की घोषणा की जाएगी।

इस दौरान श्री महेंद्र भट्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तरकाशी दौरे को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का उत्तरकाशी दौरा शीतकालीन चारधाम यात्रा को एक नई ऊंचाई पर पहुंचाने वाला साबित होगा। उनका कहना था, “चार धाम उत्तराखंड की आर्थिकी के लिए महत्वपूर्ण हैं और कई दशकों से इसे पूरे साल संचालित करने की मांग की जा रही थी, जो अब पीएम मोदी के मार्गदर्शन में सीएम ने पूरी की है।”

उन्होंने यह भी कहा कि पीएम मोदी का उत्तरकाशी दौरा शीतकालीन यात्रा को विश्वभर में पहचान दिलाने वाला होगा, जिससे उत्तराखंड की आर्थिकी को और अधिक बल मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!