मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला उद्यमिता समिट 2025 में भाग लिया

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित “डायरेक्ट सेलिंग महिला उद्यमिता समिट 2025” में भाग लिया। इस समिट में मुख्यमंत्री ने देश के विभिन्न हिस्सों से आई महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी और महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार साझा किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत की मातृशक्ति हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही है। सेना, राजनीति, खेल, विज्ञान, कृषि, शिक्षा और उद्योग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं द्वारा सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। पिछले 11 वर्षों में देशभर में 30 करोड़ से अधिक महिलाओं के जन-धन बैंक खाते खोले गए हैं। साथ ही लखपति दीदी योजना के अंतर्गत 1 करोड़ से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प पूरा किया गया है। इसके अतिरिक्त, मुद्रा योजना के तहत 30 करोड़ से अधिक महिलाओं को लोन दिया जा रहा है, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि राज्य सरकार भी महिला सशक्तिकरण के लिए हर क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। सरकारी नौकरियों में राज्य की बेटियों को 30 प्रतिशत का क्षैतिज आरक्षण देने के साथ ही हर विभाग में उनका उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा, महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए महिला स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख तक का ऋण बिना ब्याज के दिया जा रहा है। लखपति दीदी योजना के तहत उत्तराखंड में 1 लाख से अधिक महिलाएं लखपति बन चुकी हैं और वर्ष 2025 तक डेढ़ लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

राज्य सरकार की अन्य योजनाओं जैसे ‘सशक्त बहना उत्सव योजना’ और ‘मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना’ के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

इस समिट में दिल्ली से सांसद श्री प्रवीण खंडेलवाल, उपाध्यक्ष राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति श्री विनय रोहिला और डॉ. संजीव कुमार भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!