
देहरादून: आज गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर दीनदयाल पार्क, देहरादून स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने समाज के वंचित, गरीब और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए जीवनभर कार्य किया। उनकी शिक्षाएं और आदर्श आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने उपाध्याय जी के विचारों और अंत्योदय के संकल्प को राज्य की विकास नीति की प्रेरणा बताते हुए कहा कि सरकार लगातार केंद्र और राज्य की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की दिशा में कार्य कर रही है।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने अपने आवास पर भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उनका भावपूर्ण स्मरण किया।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बी.एल. संतोष, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधायक खजान दास सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


