उत्तराखंड रजत जयंती पर कांग्रेस ने तय की कार्यक्रमों की रूपरेखा, 1 से 14 नवंबर तक चलेंगे आयोजन

देहरादून, 31 अक्टूबर 2025 —
उत्तराखंड के गठन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेश कांग्रेस ने अपने रजत जयंती कार्यक्रमों की रूपरेखा तय कर ली है। कांग्रेस द्वारा 1 नवंबर से 14 नवंबर तक राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि 1 नवंबर को प्रदेश अध्यक्ष एवं सभी कांग्रेसी कार्यकर्ता राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
2 नवंबर को प्रदेश के सभी जिलों के ब्लॉक अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में गोष्ठी का आयोजन करेंगे।
3 नवंबर को सभी जिलाध्यक्ष अस्पतालों में फल वितरण करेंगे।

3 और 4 नवंबर को विधानसभा के विशेष सत्र में कांग्रेस विधानमंडल दल नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी के नेतृत्व में प्रतिभाग करेगा।

5 नवंबर को पार्टी के वरिष्ठ नेता रजत जयंती पर पत्रकार वार्ता करेंगे, जबकि 6 नवंबर को रामपुर तिराहा में राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

7 नवंबर को कांग्रेस मुख्यालय में विचार गोष्ठी का आयोजन होगा, जिसमें राज्य के विकास, संघर्ष और उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी।
8 नवंबर को राज्य रजत जयंती प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें उत्तराखंड के गठन से अब तक के विकास को प्रदर्शित किया जाएगा।
9 नवंबर, राज्य स्थापना दिवस पर, ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया जाएगा।

इसके अलावा 11 से 14 नवंबर तक पूरे राज्य में “जय भारत, जय उत्तराखंड तिरंगा यात्रा” निकाली जाएगी, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ता और जनता बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।

वरिष्ठ नेता सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि ये सभी कार्यक्रम उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि देने और राज्य के गौरवशाली 25 वर्षों के सफर को स्मरण करने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!