भालू हमले पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की संवेदनशील पहल, पीड़ितों से की बातचीत, दिव्या व दीपिका की बहादुरी को बताया गर्व का विषय

देहरादून।
जनपद चमोली के विकास खण्ड पोखरी अंतर्गत विद्यालय परिसरों के समीप हुई भालू हमले की घटनाओं को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अत्यंत गंभीरता से संज्ञान में लिया है। मुख्यमंत्री ने मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए भालू हमले में घायल हुए छात्र से दूरभाष पर सीधी बातचीत की और उसका हालचाल जानकर शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और उपचार, सुरक्षा एवं सहयोग के हर स्तर पर किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने घटना के समय अदम्य साहस, सूझबूझ और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अन्य बच्चों की जान बचाने वाली साहसी छात्राओं दिव्या और दीपिका से भी बातचीत की। मुख्यमंत्री ने छात्राओं की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में जिस साहस, धैर्य और जिम्मेदारी का परिचय उन्होंने दिया है, वह पूरे प्रदेश के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की घड़ी में अपनी जान की परवाह किए बिना अन्य बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना असाधारण साहस का उदाहरण है। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आश्वासन दिया कि राज्य सरकार ऐसे साहसी बच्चों को सदैव प्रोत्साहित करेगी।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जिला प्रशासन और वन विभाग को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से गश्त बढ़ाई जाए। विद्यालयों, आंगनबाड़ियों और आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास सुरक्षा के अतिरिक्त पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सभी आवश्यक और प्रभावी कदम उठाए जाएं।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि घायल छात्र को समुचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाए। साथ ही अधिकारियों को नियमित निगरानी बनाए रखने और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर विश्वास कायम करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार के लिए बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नागरिकों की जान-माल की रक्षा के लिए सरकार हर परिस्थिति में पूरी प्रतिबद्धता और कठोरता के साथ कार्य करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!