
राजधानी देहरादून में एक बार फिर बाजार क्षेत्र में दिनदहाड़े गोलीकांड की घटना सामने आई है। शहर के व्यस्त तिब्बती मार्केट में बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे अचानक गोली चलने की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।
घायल व्यक्ति को मेडिकल टीम की सहायता से दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. अमित अरुण ने बताया कि करीब साढ़े दस बजे घायल को अस्पताल लाया गया था। उनके सीने में गंभीर घाव था और अत्यधिक रक्तस्राव हो चुका था, जिसके कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा (उम्र लगभग 40 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित “अमरदीप” नामक भारत गैस एजेंसी फर्म में पार्टनर थे। बताया जा रहा है कि वह नजदीकी बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल में नियमित रूप से टेनिस खेलने आते थे और घटना के समय भी टेनिस खेलकर बाहर निकले थे।
घटनास्थल पर तिब्बती मार्केट के फुटपाथ पर एक पॉलीथिन में पाइन एप्पल के कटे हुए टुकड़े बिखरे मिले, जिनके पास ही खून के निशान पाए गए। इससे आशंका जताई जा रही है कि फल खरीदने के दौरान ही उन पर हमला किया गया।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस विभिन्न एंगल से जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतक का घरेलू प्रॉपर्टी विवाद भी चल रहा था, और इस घटना को उसी से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
समाचार लिखे जाने तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। शहर के व्यस्त बाजार में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से लोगों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

