
देहरादून: उत्तरांचल प्रेस क्लब, देहरादून द्वारा आयोजित अंतर क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 के उद्घाटन समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। प्रतियोगिता के विधिवत उद्घाटन के उपरांत, मुख्यमंत्री ने राज्य के दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र जोशीमठ से आए प्रतिभावान युवा टेबल टेनिस खिलाड़ियों से मुलाकात की।
गौरतलब है कि इन युवा खिलाड़ियों ने इसी वर्ष बिहार में आयोजित अखिल भारतीय विद्या भारती शिक्षा संस्थान की 36वीं राष्ट्रीय टेबल टेनिस खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ स्वर्ण पदक जीते हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य के लिए पदक जीतने पर इन युवा खिलाड़ियों और उनके कोच विजय कुमार को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर वहां मौजूद अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी जोशीमठ से आए इन युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें अपना आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के मंत्री खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सूचना महानिदेशक बंसीधर तिवारी, उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव माहिम वर्मा, खेल निदेशक आशीष चौहान और उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा सहित क्लब के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


