रातीघाट बाईपास रोड पर हुआ हादसा, पुलिस और SDRF ने चलाया रेस्क्यू अभियान
नैनीताल जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। सरोवर नगरी से दूर सेनेटोरियम-रातीघाट बाईपास रोड पर भवाली स्थित ढैला गांव के समीप एक महिंद्रा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार सभी पांच श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन संख्या UP 32 QU 1874 में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल था। हादसा ढैला गांव से लगभग 500 मीटर पूर्व हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।

घटना स्थल पर स्थानीय पुलिस, SDRF, SSB और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को गहरी खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया।
मौके पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चन्द्र, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा समेत पुलिस और SDRF की टीमें मौजूद रहीं। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त और उनके विस्तृत विवरण जुटाने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इलाके में हादसे के बाद शोक का माहौल है।

