देहरादून — मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बुधवार को सिटी फॉरेस्ट, आमवाला तरला आवासीय योजना, कालसी घाट और धौलास प्रधानमंत्री आवास योजना समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएं। सिटी फॉरेस्ट को उत्तराखंड का सर्वश्रेष्ठ शहरी पार्क बनाने के लिए ट्री हाउस नवीनीकरण, फूलों का रोपण, लोटस फाउंटेन और भारत माता मंदिर निर्माण के कार्यों को प्राथमिकता दी गई। यहां पहले से लगा 120 किलोवाट का सोलर प्लांट बिजली खर्च में 90 प्रतिशत बचत कर रहा है।
आमवाला तरला आवासीय योजना में जुलाई माह से लाभार्थियों को कब्जा सौंपने की तैयारी है। धौलास में प्रधानमंत्री आवास योजना के 10 टावर पूर्ण हो चुके हैं, जिनमें 30 जुलाई से कब्जा वितरण शुरू किया जाएगा। कालसी घाट का जुलाई में लोकार्पण प्रस्तावित है।
ट्रेंचिंग ग्राउंड में कूड़े से संसाधन बनाने की दिशा में कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए।
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा, “मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप हरियाली और विकास दोनों साथ-साथ चलेंगे। जनहित, गुणवत्ता और समयबद्धता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने भी सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और गुणवत्तापूर्ण पूर्ति पर जोर दिया।


