कोटद्वार में महिला आयोग अध्यक्ष का औचक निरीक्षण, नारी पुनर्वास केंद्र को दिए सख्त निर्देश

देहरादून /कोटद्वार : उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने आज कोटद्वार के नारी पुनर्वास केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र की सुरक्षा, खान-पान, आवास व्यवस्था और महिलाओं की समस्याओं का जायजा लिया।
अध्यक्ष कंडवाल ने पाया कि वर्तमान में केंद्र में 7 महिलाएं व युवतियां रह रही हैं। उन्होंने केंद्र के सकारात्मक माहौल की सराहना की और बताया कि पूर्व में यहां आश्रित एक मेधावी युवती बी.टेक की पढ़ाई के लिए जा चुकी है।
महिलाओं ने अध्यक्ष के समक्ष अपनी व्यावहारिक समस्याएं रखीं। विद्यालय-कॉलेज की दूरी के कारण आवागमन और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने-लाने के लिए सुरक्षित वाहन की कमी सबसे बड़ी समस्या बताई गई।
इस पर गंभीर होते हुए कुसुम कंडवाल ने मौके से ही आईसीडीएस निदेशक बी.एल. राणा को फोन कर निर्देश दिए कि केंद्र के लिए शीघ्र एक समर्पित वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निरीक्षण रजिस्टर में भी लिखित निर्देश दर्ज किए।
अध्यक्ष ने केंद्र के अधिकारियों व कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी कि यहां आश्रित महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और खान-पान का पूर्ण ध्यान रखा जाए ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान विभागीय प्रशासनिक अधिकारी विजयलक्ष्मी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!