केदारनाथ समेत उत्तर प्रदेश की 9 सीटों की चुनावी तारीख़ों का ऐलान, 23 नवम्बर को आएंगे नतीजे

देहरादून : अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने मंगलवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि चुनाव की अधिसूचना 22 अक्टूबर 2024 को जारी की जाएगी, जबकि नामांकन की अंतिम तिथि 29 अक्टूबर 2024 है। नामांकन पत्रों की जांच 30 अक्टूबर 2024 को होगी, और नाम वापसी की अंतिम तिथि 4 नवंबर 2024 निर्धारित की गई है।

डॉ. जोगदंडे ने जानकारी दी कि मतदान 20 नवंबर 2024 को होगा और मतगणना 23 नवंबर 2024 को की जाएगी। उन्होंने बताया कि उपचुनाव के दौरान जनपद में आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है, जो 25 नवंबर 2024 तक प्रभावी रहेगी।

चुनाव की तैयारियों के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में 173 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं। इनमें से 7 पोलिंग बूथों पर मतदान तिथि से 2 दिन पूर्व पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जाएगा, जबकि 166 बूथों पर मतदान से एक दिन पहले पार्टियों की तैनाती होगी।

इसके अलावा, विधानसभा क्षेत्र को 2 जोन और 27 सेक्टर में बांटा गया है, जिसमें 10 स्टैटिक सर्विलांस टीमें निगरानी रखेंगी। 8 फ्लाइंग स्क्वॉड और 2 वीडियो टीमें भी क्षेत्र में निगरानी रखेंगी। उपचुनाव के लिए एक रिटर्निंग ऑफिसर और तीन सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की तैनाती की गई है।

डॉ. जोगदंडे ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में कुल 90,540 मतदाता हैं, जिनमें 44,765 पुरुष और 45,775 महिला मतदाता शामिल हैं। 1,092 दिव्यांग मतदाता और 641 ऐसे मतदाता हैं जो 85 वर्ष से अधिक आयु के हैं।

दिव्यांग एवं 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के लिए होम वोटिंग की सुविधा के तहत फॉर्म 12 का वितरण भी प्रारंभ कर दिया गया है।

इस मौके पर उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुश्री मुक्ता मिश्र, श्री के एस नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मस्तू दास भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!