समग्र शिक्षा उत्तराखंड में कुलदीप गैरोला ने अपर राज्य परियोजना निदेशक के पद का कार्यभार ग्रहण किया

समग्र शिक्षा उत्तराखंड के छठे अपर राज्य परियोजना निदेशक के रूप में कुलदीप गैरोला ने आज अपना कार्यभार संभाल लिया। इस अवसर पर राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा उत्तराखण्ड, झरना कमठान की उपस्थिति में श्री गैरोला ने पदभार ग्रहण किया।

कुलदीप गैरोला, जो कि एमएससी, एमएड और एमबीए डिग्रीधारी हैं, फिलहाल प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत संयुक्त निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त, वे अपनी प्रारंभिक सेवा में जवाहर नवोदय विद्यालय में पीजीटी भौतिकी के रूप में कार्य कर चुके हैं और उन्होंने दक्षिण एशियायी देशों की खगोल विज्ञान कार्यशाला में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया है।

कुलदीप गैरोला 1999 में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग से राज्य सेवा के शिक्षा अधिकारी के रूप में चयनित हुए थे। उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर कंप्यूटर साक्षरता में योगदान के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है और शैक्षिक प्रबंधन एवं प्रशासन में उनके कार्य को 2015 में राष्ट्रीय नवाचार पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।

कुलदीप गैरोला की प्राथमिकताएं शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा परिवर्तन लाने पर केंद्रित हैं। उन्होंने अपने कार्यभार ग्रहण करते हुए बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य समाज के सबसे पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करना है। इसके अलावा, उन्होंने प्रदेश में समग्र शिक्षा के तहत लक्ष्य आधारित प्रबंधन को प्रोत्साहित करने, छात्रों के सीखने के परिणामों में वृद्धि करने और विद्यालयों में विज्ञान शिक्षा का माहौल बनाने पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर उप राज्य परियोजना निदेशक अजीत भण्डारी, पल्लवी नैन, प्रद्युमन सिंह रावत, और भगवती प्रसाद मैन्दोली भी उपस्थित थे।

कुलदीप गैरोला का कहना है कि वह समग्र शिक्षा के अंतर्गत शिक्षा के हर स्तर पर सुधार लाने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में प्रदेश को एक नई दिशा देने का संकल्प लेते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!