राष्ट्रीय खेलों को लेकर खेल मंत्री रेखा आर्या की मैराथन बैठकें,डीओसी और जीटीसीसी मेंबर के दूसरे दौरे से पूर्व कमियों को दूर करने के दिए निर्देश


देहरादून: उत्तराखंड में होने जा रहे राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों को लेकर खेल मंत्री रेखा आर्या ने शनिवार को एक उच्च स्तरीय बैठक की। इस बैठक में उन्होंने उत्तरांचल ओलंपिक संघ और खेल विभाग के अधिकारियों के साथ भारतीय ओलंपिक संघ द्वारा निर्धारित 32 कोर गेम्स और डेमोंस्ट्रेशन गेम्स पर विस्तृत चर्चा की।

खेल मंत्री ने बताया कि अधिकांश खेलों के लिए डीओसी (डेलिगेशन ऑफ ऑफिसर्स) ने निरीक्षण कर लिया है और शेष खेलों के लिए जल्द ही डीओसी को भेजा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डीओसी द्वारा दिए गए सुझावों पर तुरंत कार्रवाई की जाए ताकि प्रदेश एक ऐतिहासिक आयोजन की मेजबानी कर सके।

डेमोंस्ट्रेशन खेलों को कोर गेम्स में शामिल करने का प्रयास

खेल मंत्री ने यह भी कहा कि वे राज्य के पारंपरिक खेलों जैसे मलखंभ, योगासन, पिट्ठू, स्पीड क्लाइम्बिंग को कोर गेम्स में शामिल करने का प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए मुख्यमंत्री से भी चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे राज्य के खिलाड़ियों को मेडल जीतने के अवसर बढ़ेंगे।

राष्ट्रीय खेलों के शिविरों का निरीक्षण

बैठक के बाद खेल मंत्री ने महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित राष्ट्रीय खेलों के शिविरों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शूटिंग और वुशू शिविर के प्रतिभागियों से बातचीत की और शिविरों की तैयारियों का जायजा लिया।

उत्तराखंड ओलंपिक संघ के पदाधिकारी भी रहे मौजूद

इस बैठक में उत्तरांचल ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महेश नेगी, सचिव डी के सिंह, सीईओ चेतन गुरुंग, प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, निदेशक खेल एवं युवा कल्याण प्रशांत आर्या समेत विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहे।

#राष्ट्रीयखेल #उत्तराखंड #खेलमंत्री #रेखाआर्या

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!