मेयर पद के प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो, जनसभा और विकास के दावों का ऐलान

अल्मोड़ा के चुनावी समर में उतरी मंत्री रेखा आर्या

अल्मोड़ा के नगर निगम बनने के बाद पहली बार हो रहे चुनावों में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने रविवार को अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। खेल मंत्री रेखा आर्या ने भाजपा के मेयर पद के प्रत्याशी अजय वर्मा के समर्थन में माल रोड से लेकर शहर की विभिन्न गलियों और बाजारों में रोड शो किया। इसके बाद उन्होंने रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित किया।

जनसभा में मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “नगर पालिका में कांग्रेस को वोट देकर जनता ने देख लिया है कि उनके विकास के दावे खोखले हैं। सीवर लाइन की समस्या तक कांग्रेस नहीं सुलझा पाई। भाजपा विकासवादी पार्टी है, जबकि कांग्रेस केवल परिवारवाद में उलझी हुई है।”

रेखा आर्या ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा, “बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने संविधान में अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के अधिकारों और सुविधाओं की जो कल्पना की थी, उसे साकार करने का काम मोदी सरकार ने किया है।” इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश बहुगुणा, पूर्व जिला अध्यक्ष रवि रौतेला और अन्य प्रमुख नेता उपस्थित रहे।

‘मन की बात’ सुन प्रधानमंत्री को सराहा

रविवार सुबह मंत्री रेखा आर्या ने भाजपा के चुनाव कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 118वां ‘मन की बात’ एपिसोड सुना। कार्यक्रम के बाद उन्होंने कहा, “यह एपिसोड ऐतिहासिक है क्योंकि इस बार गणतंत्र दिवस के साथ हमारा संविधान 75 साल पूरे कर रहा है। प्रधानमंत्री का यह प्रेरणादायक एपिसोड उमंग और उत्साह का संचार करता है।”

प्रधानमंत्री द्वारा असम के ग्रामीणों की प्रेरक कहानी का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि इससे हमें समाजसेवा की सीख मिलती है।

राष्ट्रीय खेलों के लिए स्टेडियम को सजाने के निर्देश

रेखा आर्या ने रविवार को हेमवती नंदन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम का निरीक्षण किया। यहां 38वें राष्ट्रीय खेलों के तहत योगासन प्रतियोगिता आयोजित होनी है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों की समीक्षा की और स्टेडियम के अंदर और बाहर राष्ट्रीय खेलों से संबंधित प्रतीकों और संकेतों को सजाने के निर्देश दिए।

मंत्री ने उप खेल निदेशक शक्ति सिंह के साथ खिलाड़ियों के ठहरने और खाने की समुचित व्यवस्था पर चर्चा की। उन्होंने खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों की प्रस्तुति को सराहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!