पुलवामा हमले की छठी बरसी पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी

देहरादून, 14 फरवरी:
पुलवामा आतंकी हमले की छठी बरसी पर उत्तराखंड के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने वीर शहीदों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। शुक्रवार को सैनिक कल्याण निदेशालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मंत्री जोशी ने शहीद जवानों को पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें अपनी और प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तरफ से श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर कई पूर्व सैनिक, सैन्य अधिकारी और गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मीडिया से बात करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया और कहा कि पुलवामा हमले के बाद भारत ने आतंकवाद के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने बालाकोट एयर स्ट्राइक का उल्लेख करते हुए बताया कि 26 फरवरी 2019 को भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के बालाकोट में घुसकर आतंकी ठिकानों को नष्ट किया और जवानों की शहादत का बदला लिया। मंत्री जोशी ने इसे भारत की सैन्य शक्ति और दृढ़ संकल्प का प्रतीक बताया।

उन्होंने कहा, “बालाकोट एयर स्ट्राइक के बाद शत्रु राष्ट्र अब भारत की शक्ति को हल्के में लेने की गलती नहीं करेगा।” साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि देश अपने वीर शहीदों को कभी नहीं भूलेगा और उनकी वीरता तथा बलिदान की कहानियों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हर देशवासी का कर्तव्य है।

मंत्री जोशी ने शहीदों के परिवारों के प्रति संवेदनशीलता दिखाने का आह्वान किया और कहा कि उत्तराखंड के दो सपूत पुलवामा हमले में शहीद हुए थे। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड हमेशा सैन्य परंपरा और वीरता के लिए प्रसिद्ध रहा है और यहां के जवानों का शौर्य प्रेरणादायक है।

मंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार शहीदों के सम्मान में कई योजनाएं चला रही है और शहीदों के परिजनों की सहायता के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

श्रद्धांजलि सभा को मेजर जनरल पीएस राणा, निदेशक सैनिक कल्याण ब्रिगेडियर अमृत लाल और कर्नल आरएस भंडारी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मेजर जनरल पीएस राणा, एमडी उपनल ब्रिगेडियर जेएनएस बिष्ट, कर्नल मोहन थपलियाल, कर्नल सतीश चंद्र शर्मा, प्रदीप रावत, सुरेंद्र राणा, ज्योति कोटिया, विनय गुप्ता, मोहन बहुगुणा, भूपेंद्र कठेत, राजेश चड्ढा, दीपक बहुखंडी सहित कई पूर्व सैनिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!