बीजेपी विधायक आदेश चौहान ने हरिद्वार में बाहरी प्रदेशों से आए लोगों का उठाया मुद्दा, सरकार ने वेरिफिकेशन अभियान पर दी जानकारी

देहरादून : उत्तराखंड विधानसभा में आज बीजेपी विधायक आदेश चौहान ने हरिद्वार में बाहरी प्रदेशों से आए लोगों की बढ़ती तादाद पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि कई लोग जो बाहरी राज्यों से आए हैं, उनका आधार कार्ड भी बन चुका है। विधायक ने सरकार से यह सवाल किया कि क्या राज्य सरकार ऐसे लोगों को चिन्हित कर उन्हें प्रदेश से बाहर भेजने का काम करेगी?

इस पर संसदीय कार्यमंत्री प्रेम चंद अग्रवाल ने सदन में जवाब देते हुए कहा कि सरकार बाहरी लोगों का वेरिफिकेशन अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि अगर किसी स्थान पर संदिग्ध व्यक्ति पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है। मंत्री ने उदाहरण देते हुए बताया कि रुड़की से दो बांगलादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। एक को सजा पूरी करने के बाद बांगलादेश भेज दिया गया, जबकि दूसरे को अभी रुड़की जेल में सजा भुगतनी पड़ रही है।

प्रेम चंद अग्रवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की तरफ से लगातार ऐसे अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि राज्य में बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें कानून के तहत सजा दिलाई जा सके।

इस जवाब से यह साफ हो गया है कि सरकार राज्य में बाहरी व्यक्तियों की निगरानी पर गंभीर है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!