“घाम तापों योजना” से उत्तराखंड में हेल्थ टूरिज्म को मिलेगी नई दिशा: महेन्द्र भट्ट

देहरादून, 7 मार्च 2025 – प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तरकाशी प्रवास के दौरान घाम तापों योजना की शुरुआत को राज्य में हेल्थ टूरिज्म की असीम संभावनाओं को आकार देने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का उत्तराखंड दौरा न केवल राज्य के विकास को गति देने वाला है, बल्कि “घाम तापों योजना” के माध्यम से यह राज्य के पर्यटन क्षेत्र को एक नया आयाम प्रदान करेगा।

भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड के लिए मार्गदर्शन हमेशा उपयोगी रहा है, और उनकी घाम तापों योजना के तहत राज्य में हेल्थ टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, स्वच्छ पर्यावरण, आयुर्वेदिक संस्थान और योग के अनुकूल वातावरण को देखते हुए यह योजना राज्य के पर्यटन क्षेत्र को एक नई दिशा देने वाली है।

भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड में सर्दियों के मौसम में पहाड़ों पर खिली धूप और स्वच्छ वातावरण को देखना किसी भी पर्यटक के लिए आकर्षण का केंद्र होगा। विशेष रूप से मैदानी क्षेत्रों के लोग, जहां प्रदूषण और कोहरे से जूझना पड़ता है, वे उत्तराखंड के इस अद्भुत मौसम का लाभ उठाने के लिए बड़ी संख्या में यहां आएंगे। इससे राज्य के पर्यटन व्यवसाय को एक नया अवसर मिलेगा और राज्यवासियों को आर्थिक लाभ होगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पार्टी की आलोचनाओं पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता हमेशा जनता से मुफ्त में घाम तापने की कोशिश करते रहे हैं, लेकिन उनकी यह योजना राज्य को आर्थिक लाभ पहुंचाएगी। भट्ट ने कहा कि जो पर्यटक घाम तापने आएंगे, वे न केवल राज्य की आर्थिकी को बढ़ाएंगे, बल्कि राज्य के विकास में योगदान देंगे।

भट्ट ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि वे न तो मैदानों में मौजूद प्रतिकूल मौसम और प्रदूषण से जूझ रहे लोगों के बारे में सोचते हैं, न ही राज्य की आर्थिकी को मजबूत करने के लिए कोई कदम उठाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की जनता ने पहले ही यह तय कर लिया है कि कांग्रेस नेताओं के लिए मुफ्त में घाम तापने की सब्सिडी आगामी चुनावों में भी जारी रहेगी।

इस योजना के माध्यम से उत्तराखंड में हेल्थ टूरिज्म को एक नई दिशा मिलने वाली है, जो न केवल पर्यटकों को आकर्षित करेगा, बल्कि राज्य की आर्थिकी को भी सशक्त करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!