उत्तरांचल प्रेस क्लब सदस्यों को स्वामी राम अस्पताल में इलाज और फ्री हेल्थ चेकअप में 50% की छूट

उत्तरांचल प्रेस क्लब सदस्यों को स्वामी राम अस्पताल में इलाज और फ्री हेल्थ चेकअप में 50% की छूट

देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब के सदस्यों के लिए एक बड़ी स्वास्थ्य राहत की घोषणा की गई है। स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय, जौलीग्रांट के कुलाधिपति डॉ. विजय धस्माना ने उत्तरांचल प्रेस क्लब के सदस्यों को स्वामी राम अस्पताल में इलाज पर 50 प्रतिशत की विशेष छूट देने का ऐलान किया है। इसके साथ ही, प्रेस क्लब के सदस्यों के लिए फुल बॉडी हेल्थ चेकअप बिल्कुल निःशुल्क कराया जाएगा।

यह घोषणा उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह कण्डारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल की डॉ. धस्माना से हुई शिष्टाचार भेंट के दौरान की गई। इस अवसर पर क्लब की स्मारिका भी डॉ. धस्माना को भेंट की गई।

बैठक में प्रेस क्लब सदस्यों के स्वास्थ्य लाभ को लेकर विस्तृत चर्चा हुई, जिसके बाद डॉ. धस्माना ने यह महत्वपूर्ण पहल की। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रेस क्लब प्रतिदिन 10 सदस्यों को हिमालयन अस्पताल भेजेगा, जहां उनका निःशुल्क और सभी तरह का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए प्रेस क्लब को अपने सदस्यों की सूची अस्पताल प्रशासन को भेजनी होगी और वैध प्रेस क्लब पहचान पत्र वाले सदस्यों का ही निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।

यह पहल पत्रकारों की स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है और यह मीडिया कर्मियों के प्रति स्वामी राम संस्थान की संवेदनशीलता और सहयोग को दर्शाता है।

इस अवसर पर डॉ. धस्माना ने वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय विकास धूलिया के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने यह भी कहा कि प्रेस क्लब की तरफ से स्वर्गीय विकास के परिजनों की मदद के लिए जो भी कहा जाएगा, उसे वह पूरा करेंगे।

इस बैठक में प्रेस क्लब के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सुलोचना पयाल, कोषाध्यक्ष अनिल चन्दोला और सम्प्रेक्षक शिवेश शर्मा भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!