बेटे-पत्नी पर बंदूक तानने वाले ITBP इंस्पेक्टर का शस्त्र लाइसेंस निलंबित, डीएम ने मौके पर लिया एक्शन

देहरादून, 17 जुलाई 2025: देहरादून के रेसकोर्स क्षेत्र निवासी एक ITBP इंस्पेक्टर के खिलाफ बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया गया है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने विशेषाधिकार का प्रयोग करते हुए इंस्पेक्टर के शस्त्र लाइसेंस को मौके पर ही निलंबित कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनता दरबार के दौरान विकास घिल्डियाल नामक युवक ने डीएम से शिकायत की कि उसके पिता, जो कि आईटीबीपी में इंस्पेक्टर हैं, पारिवारिक विवादों के चलते अक्सर लाइसेंसी बंदूक तान कर उसे और उसकी मां को डराते-धमकाते हैं। तलाक हो चुके माता-पिता के इस विवाद ने शस्त्र के दुरुपयोग का रूप ले लिया था।

डीएम सविन बंसल ने तत्काल विशेषाधिकार का प्रयोग करते हुए शस्त्र लाइसेंस को निलंबित करने के आदेश जारी किए और संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने व शस्त्र थाने में जमा कराने के निर्देश एसएसपी को दिए हैं।

डीएम ने सख्त शब्दों में कहा,

“लाइसेंस का मतलब मनमानी की छूट नहीं होता। जिसे जिम्मेदारी का अहसास न हो, उसे कानून का पाठ पढ़ाना प्रशासन का दायित्व है।”

इस कड़ी कार्रवाई से जहां शिकायतकर्ता माता-पुत्र ने राहत की सांस ली, वहीं शस्त्र धारकों के लिए भी यह सख्त संदेश है कि लाइसेंस हथियार का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि पारिवारिक या व्यक्तिगत झगड़ों में लाइसेंसी असलहे का उपयोग करने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!