मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

बीते कुछ दिनों से उत्तराखंड में हो रही लगातार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। राज्य के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो रही है, जिससे जनसुविधाएं चरमरा गई हैं। मौसम विभाग ने भारी बारिश की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी कर दिया है।

मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। वहीं, अन्य जिलो में भी गरज और बिजली के साथ बारिश होने की संभावना है।

चारधाम यात्रा से जुड़े चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिलों में भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। बारिश के चलते कई स्थानों पर संपर्क मार्गों पर मलबा गिरने से यातायात बाधित हो गया है, जिससे स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें अलर्ट मोड पर हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। विक्रम सिंह ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम की ताज़ा जानकारी लेकर ही यात्रा पर निकलें।

हालांकि, आने वाले कुछ दिनों में बारिश से आंशिक राहत मिलने की संभावना भी जताई गई है, लेकिन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!