मसूरी में बारिश का कहर

बीती रात मसूरी में हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। बारिश के बाद हुए भूस्खलन से कई इलाके प्रभावित हुए हैं और मुख्य मार्गों पर यातायात ठप हो गया है।

भूस्खलन सुमित्रा भवन, इंदिरा कॉलोनी, जबरखेत, बरलोगंज स्थित मैरीविल एस्टेट और बाटाघाट में दर्ज किया गया। बरलोगंज में पहाड़ी दरकने से पूरी सड़क बह गई, जिससे आवागमन पूरी तरह रुक गया। इसके अलावा मसूरी-देहरादून मार्ग पर कई जगह पेड़ गिरने से सड़क बंद हो गई।

सबसे गंभीर घटना सिया गाँव के पास हुई, जहां मसूरी-कैम्पटी रोड पर अचानक सड़क धंस गई और स्कूटी खाई में जा गिरी। राहत की बात रही कि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

वहीं बरलोगंज में मिट्टी धंसने से एक और स्कूटी खाई में गिर गई, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत मसूरी उप-जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है और हालत स्थिर बताई जा रही है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम मसूरी, आईएएस राहुल आनंद ने खुद मोर्चा संभाला। उन्होंने बताया कि भारी बारिश के चलते कई संपर्क मार्ग बाधित हो गए हैं और विभागों को तुरंत मार्ग बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभावितों को आपदा राहत नियमों के तहत सहायता दी जाएगी।

प्रशासन ने पुलिस, राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग की टीमें तैनात कर दी हैं और लगातार अपडेट लिया जा रहा है। स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में और बारिश की संभावना जताई है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं। पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करने वालों से प्रशासन ने अपील की है कि वे अपना सफर टालें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!