करन माहरा का कड़ा बयान: UKSSSC पेपर लीक मामले में धामी सरकार पूरी तरह विफल

देहरादून, 22 सितंबर 2025।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने आज UKSSSC स्नातक स्तरीय पटवारी भर्ती परीक्षा में पेपर लीक मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह वर्षों से सरकारी नौकरी की प्रतीक्षा कर रहे लाखों युवाओं के भविष्य के साथ धामी सरकार का एक और बड़ा धोखा है।

करन माहरा ने कहा कि धामी सरकार ने उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम व निवारण के उपाय) अध्यादेश 2023 जारी कर इसे देश का सबसे सख्त नकल-विरोधी कानून बताया था। सरकार ने दावा किया था कि वह नकल माफिया को जड़ से खत्म करने और पारदर्शी भर्तियों को सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, “तब सरकार ने बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन आज सभी दावे खोखले और जुमले साबित हुए। भाजपा के पूर्व नेता और UKSSSC पेपर लीक के आरोपी को फिर से गिरफ्तार करना पड़ा। कांग्रेस पहले ही आशंका जता चुकी थी कि सरकार बड़े नेताओं और उच्च अधिकारियों को बचा रही है। यह फिर साबित हो गया कि नकल माफिया अभी भी सक्रिय है और धामी सरकार पूरी तरह निष्क्रिय रही।”

करन माहरा ने सवाल उठाया कि भाजपा नेताओं का पाला हुआ नकल माफिया हाकम सिंह बार-बार युवाओं के भविष्य के साथ किसकी शह पर खेल रहा है? उन्होंने पूछा कि कौन है हाकम सिंह का ‘हाकिम’, जो इस नेटवर्क को फलने-फूलने दे रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस उत्तराखंड के युवाओं के साथ इस तरह के खिलवाड़ को किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरे प्रदेश में इसका पुरजोर विरोध करेगी और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!