हरिद्वार एल्मस की विजयी कश्मकश ,नैनीताल टाइगर्स को 4 विकेट से हराकर क़ब्ज़ाई यूपीएल की ट्रॉफी

हरिद्वार एल्मस की विजयी कश्मकश ,नैनीताल टाइगर्स को 4 विकेट से हराकर क़ब्ज़ाई यूपीएल की ट्रॉफी

देहरादून। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) के दूसरे सीज़न का फ़ाइनल मुकाबला राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेला गया, जिसमें हरिद्वार एल्मस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नैनीताल टाइगर्स को 4 विकेट से हराकर चैंपियन का ख़िताब अपने नाम कर लिया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफ़ी प्रदान कर सम्मानित किया।

रोमांचक मुकाबले का हाल

टॉस जीतकर हरिद्वार एल्मस ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। नैनीताल टाइगर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उन्होंने जल्दी ही दो विकेट गँवा दिए। हालांकि, राहुल राज (29 रन) और भूपेन लालवानी (35 रन) ने पारी को संभाला। इसके बाद, शाश्वत डंगवाल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 52 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली, जिसकी बदौलत नैनीताल टाइगर्स निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 148 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही। हरिद्वार की ओर से प्रशांत भाटी ने 2, जबकि सुमित जुयाल और हरजीत सिंह ने एक-एक विकेट लिया।

हरिद्वार की शानदार जीत

149 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरिद्वार एल्मस की शुरुआत भी ख़राब रही, जब सलामी बल्लेबाज हिमांशु सोनी बिना खाता खोले आउट हो गए। कप्तान कुणाल चंदेल ने 33 रनों की तेज पारी खेली, लेकिन उनके आउट होने के बाद 78 के स्कोर पर नीरज राठौर (17 रन) के आउट होते ही टीम मुश्किल में आ गई।

लेकिन, मध्यक्रम के बल्लेबाजों सौरभ चौहान (25 रन) और विशाल डंगवाल (23 रन) ने टीम को संभाला। अंत में, उजैर मलिक (नाबाद 22 रन) और सिद्धार्थ गुप्ता (नाबाद 15 रन) ने मिलकर टीम को जीत दिलाई। इन दोनों की बेहतरीन साझेदारी की बदौलत हरिद्वार एल्मस ने 4 गेंद शेष रहते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। नैनीताल के लिए विशाल कुमार सैनी ने 2 विकेट लिए।

विजेताओं पर हुई ईनाम की बारिश

यूपीएल के समापन समारोह में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विजेता टीम हरिद्वार एल्मस को 25 लाख रुपये का चेक और चमचमाती ट्रॉफी प्रदान की। उपविजेता नैनीताल टाइगर्स को 12 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। इस जीत के साथ हरिद्वार एल्मस ने मेंस यूपीएल सीजन-2 का खिताब शानदार तरीके से अपने नाम कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!