मुख्यमंत्री धामी ने होमगार्ड्स स्थापना दिवस पर रैतिक परेड का निरीक्षण, वर्दी एवं भत्तों में बढ़ोतरी की घोषणा

देहरादून, ननूरखेड़ा: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को 63वें होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया और रैतिक परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभाग की स्मारिका 2025 और कैलेंडर 2026 का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री ने दिवंगत एवं सेवा प्रदत्त होमगार्ड्स के आश्रितों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण घोषणाएँ करते हुए कहा कि होमगार्ड्स स्वयंसेवकों को वर्दी भत्ता अनुमन्य किया जाएगा। राज्य में अंतरजनपदीय ड्यूटी पर तैनात जवानों को मिलने वाले भोजन भत्ते को 100 रुपए से बढ़ाकर 150 रुपए प्रतिदिन किया गया है। वहीं, नागरिक सुरक्षा संगठन के स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण भत्ता 50 से बढ़ाकर 140 रुपए प्रतिदिन कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पहली बार होमगार्ड जवानों को 12 आकस्मिक अवकाश देने का निर्णय लिया है। साथ ही महिला होमगार्ड्स को प्रसूति अवकाश की सुविधा भी प्रदान की गई है। 9 हजार फीट से अधिक ऊंचाई पर ड्यूटी करने वाले जवानों को 200 रुपए प्रतिदिन प्रोत्साहन राशि और एसडीआरएफ के साथ प्रशिक्षित जवानों को 100 रुपए प्रतिदिन प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि होमगार्ड्स जवान कठिन मौसम, आपदाओं और बड़े धार्मिक आयोजनों जैसे कुंभ व कांवड़ यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चारधाम और हरिद्वार में स्थापित हेल्प डेस्क तीर्थयात्रियों व पर्यटकों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है। राज्य सरकार जवानों के हौसले और समर्पण को उचित सम्मान देते हुए उनके हितों के लिए सतत कार्य करती रहेगी।

कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल, मेयर शंभू पासवान, डीजीपी दीपम सेठ, डीजी होमगार्ड पी.वी.के. प्रसाद सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!