देहरादून। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने देहरादून स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रदेश कोर कमेटी बैठक में संगठन को नई ऊर्जा देने के साथ ही चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में बूथ प्रबंधन, संगठन विस्तार और जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने को लेकर मंथन किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कोर कमेटी सदस्यों को निर्देश दिए कि वे विधानसभा क्षेत्रों में नियमित प्रवास करें और कार्यकर्ताओं व जनता से सीधा संवाद स्थापित कर जमीनी फीडबैक जुटाएं। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन की मजबूती ही आगामी चुनावों में भाजपा की जीत का आधार बनेगी।
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर वर्ग तक पहुंचाने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा देवतुल्य जनता और समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर उत्तराखंड में जीत की हैट्रिक रचने की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच कार्य कर रहा है और आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
बैठक में यह भी तय किया गया कि संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक सक्रिय बनाते हुए बूथ स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत की जाएगी, ताकि 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक सफलता मिल सके।

