शिक्षण संस्थान में शिक्षकों से मारपीट करने वाला दारोगा निलंबित, SSP प्रमेन्द्र डोभाल की बड़ी कार्रवाई

देहरादून।उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से खाकी को दागदार करने वाला एक बड़ा मामला सामने आया है। देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने पद की गरिमा के विपरीत आचरण करने और एक शिक्षण संस्थान के शिक्षकों के साथ मारपीट व अभद्रता करने के आरोप में पुलिस दूरसंचार विभाग के एक उपनिरीक्षक (SI) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना बीते शुक्रवार 5 जून की है। देहरादून के पित्थूवाला स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेजमें पुलिस दूरसंचार शाखा (Police Telecom) में तैनात उपनिरीक्षक (SI) महेश कंडवाल द्वारा कॉलेज के स्टाफ और शिक्षकों के साथ न सिर्फ अभद्रता की गई, बल्कि उनके साथ मारपीट भी की गई।
आरोप है कि दारोगा महेश कंडवाल ने कॉलेज परिसर के भीतर जमकर हंगामा काटा और वहां मौजूद शिक्षकों के साथ बदसलूकी करते हुए उनके सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न की। शिक्षण संस्थान के भीतर पुलिसकर्मी के इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना और हिंसक व्यवहार से वहां हड़कंप मच गया।मामला जैसे ही एसएसपी देहरादून के संज्ञान में आया, उन्होंने पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने वाले इस कृत्य पर बेहद सख्त रुख अपनाया। एसएसपी ने कहा कि पुलिस का काम जनता की सुरक्षा करना और कानून व्यवस्था बनाए रखना है, न कि कानून हाथ में लेकर आम नागरिकों या शिक्षकों के साथ मारपीट करना।
विभाग में मंचा हड़कंप
शिक्षकों से मारपीट के मामले में दारोगा पर हुई इस त्वरित और कड़ी कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। एसएसपी की इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि वर्दी की धौंस दिखाकर अनुशासनहीनता करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं।