
देहरादून : भुवनेश्वर में चल रही 65 वीं नेशनल इंटर स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पौड़ी गढ़वाल की ओलंपियन एथलिट अंकिता ध्यानी ने स्वर्ण पदक जीतकर 20 सितंबर से जापान में होने वाले एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाई कर दिया है । 24 जून से भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में चल रही इस प्रतियोगिता में अंकिता ध्यानी ने महिला 3000 मीटर स्टीपलचेज़ में 9 मिनट 44.5 सेकंड में स्पर्धा पूर्ण करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया जबकि 1500 मीटर की दौड़ 4 मिनट 20.78 सेकंड में पूरी करते हुए रजत पदक अपने नाम किया है । अंकिता के दो पदों समेत उत्तराखंड में इस चैंपियनशिप में पाँच पदक जीते हैं । स्वर्ण पदक विजेता अंकिता ध्यानी ने कहा उनका अगला लक्ष्य जापान में होने वाले एशियन गेम्स में देश के लिए पदक जीतना है और इसके लिए पूरी तरह तैयार है । अंकिता ध्यानी की इस उपलब्धि पर उनके गाँव समेत पूरे उत्तराखंड में ख़ुशी का माहौल है ।


