
देहरादून : सहकार भारती उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित दो दिवसीय श्रद्धेय लक्ष्मणराव इनामदार एम-पैक्स नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम आज सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया।
कार्यक्रम के समापन सत्र की अध्यक्षता ग्रामीण विकास, लघु एवं सूक्ष्म-मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्राम उद्योग तथा भाषा मंत्री भरत सिंह चौधरी ने की, जबकि दूसरे दिन का प्रथम सत्र कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।
गणेश जोशी ने कहा कि एम-पैक्स गांव की आर्थिक व्यवस्था का मूल आधार हैं। सरकार इन्हें बीज, उर्वरक, कृषि यंत्रों और डेयरी विकास से जोड़कर मजबूत बनाएगी। उन्होंने पदाधिकारियों से पारदर्शिता और किसान सेवा पर जोर देने की अपील की।
भरत सिंह चौधरी ने कहा कि सहकारिता और ग्रामीण विकास एक-दूसरे के पूरक हैं। यह प्रशिक्षण नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को सशक्त बनाएगा और किसानों की आय दोगुनी करने में मदद करेगा।
विशेषज्ञ वक्ता इरा उप्रेती (एडिशनल निबंधक, सहकारी समितियाँ) ने सहकारी अधिनियम, सुशासन, वित्तीय अनुशासन और डिजिटल रिकॉर्ड रखरखाव पर जोर दिया।
सहकार भारती उत्तराखण्ड के प्रदेश अध्यक्ष विनोद गौड़ ने बताया कि गढ़वाल मण्डल के सात जनपदों की 54 एम-पैक्स के पदाधिकारियों ने प्रशिक्षण में भाग लिया। कार्यक्रम में राजेश वर्मा, मणिराम नौटियाल, सुधीर कुमार जोशी, रविन्द्र, राकेश डंगवाल समेत कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सहकार भारती ने उत्तराखण्ड सरकार और सहकारिता विभाग का आभार व्यक्त किया।


