पिथौरागढ़-मुनस्यारी और हल्द्वानी-अल्मोड़ा के लिए हेली सेवा शुरू, दूरस्थ क्षेत्रों को मिलेगा लाभ

देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान योजना) के अंतर्गत पिथौरागढ़-मुनस्यारी-पिथौरागढ़ एवं हल्द्वानी-अल्मोड़ा-हल्द्वानी हवाई सेवाओं का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सेवाओं से राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों के आम नागरिकों को सुगम परिवहन उपलब्ध होगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अल्मोड़ा और मुनस्यारी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण नगर हैं। प्राकृतिक सुंदरता और प्राचीन मंदिरों के कारण ये क्षेत्र पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। हेली सेवाओं के शुरू होने से अब हल्द्वानी से अल्मोड़ा पहुंचने का समय 3-4 घंटे से घटकर कुछ ही मिनटों का रह जाएगा। इससे पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था दोनों को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई उड़ान योजना ने राज्य में हवाई संपर्क को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाई है। वर्तमान में उत्तराखंड के 18 हेलीपोर्ट्स में से 12 पर हवाई सेवाएं प्रारंभ की जा चुकी हैं। अब तक गौचर, जोशियाड़ा, हल्द्वानी, मुनस्यारी, मसूरी, पिथौरागढ़, पंतनगर, चंपावत, बागेश्वर, नैनीताल और अल्मोड़ा जैसे प्रमुख क्षेत्रों को हेली सेवाओं से जोड़ा जा चुका है।

हेली सेवा का समय व किराया

पिथौरागढ़ से मुनस्यारी : सुबह 10:30 बजे व दोपहर 1:50 बजे

मुनस्यारी से पिथौरागढ़ : सुबह 10:50 बजे व दोपहर 2:10 बजे

हल्द्वानी से अल्मोड़ा : सुबह 11:50 बजे व दोपहर 3:10 बजे

अल्मोड़ा से हल्द्वानी : दोपहर 12:50 बजे व शाम 4:10 बजे

इन सेवाओं का किराया मात्र ₹2500 रखा गया है। यात्री अपनी टिकट ऑनलाइन airheritage.in से बुक कर सकते हैं।

कार्यक्रम में सचिव युकाडा सचिन कुर्वे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी युकाडा आशीष चौहान समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!