हरिद्वार ज्वैलरी डकैती कांड का हुआ पर्दाफाश: एक बदमाश ढेर,

हरिद्वार, 16 सितंबर: हरिद्वार के ज्वालापुर में बीते 1 सितंबर को हुए ज्वैलरी शोरूम डकैती के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश ढेर हो गया, जबकि दो अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया है। लूटी गई लगभग 50 लाख रुपये की ज्वेलरी भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस के मुताबिक, एक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्धों की तलाश शुरू की थी। इसी दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया जिसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। मृतक बदमाश की पहचान सतेंद्र पाल उर्फ लक्की के रूप में हुई है। सतेंद्र के खिलाफ पंजाब में कई आपराधिक मामले दर्ज थे।

इसके अलावा, पुलिस ने गुरदीप सिंह और जयदीप सिंह नाम के दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूटी गई ज्वेलरी के साथ ही एक पिस्टल भी बरामद हुई है।

पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। उन्होंने पुलिस टीम को इस सफलता पर एक लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

पुलिस अभी भी इस मामले में दो अन्य आरोपियों सुभाष और अमन की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!