माणा चमोली में हिमस्खलन, सीएम धामी ने आपदा स्थल से लौटकर दी राहत की जानकारी

देहरादून, 01 मार्च 2025: उत्तराखंड के चमोली जिले के माणा में कल हिमस्खलन होने के बाद 55 मजदूर फंस गए थे। इनमें से 48 मजदूरों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। आज सुबह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आपदा स्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से रेस्क्यू कार्य के बारे में जानकारी ली। इसके बाद, वे देहरादून लौटे और आपदा परिचालन केंद्र में अधिकारियों के साथ बैठक की।

मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि रेस्क्यू टीम पूरी तरह से सक्रिय है और बाकी बचे हुए 7 मजदूरों को भी जल्द सुरक्षित निकाला जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा, “48 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है, सभी रेस्क्यू टीम लगी हुई है और जल्द ही बाकी के 7 मजदूरों को भी रेस्क्यू किया जाएगा।”

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि मौसम खराब होने के कारण रेस्क्यू कार्य में कुछ दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री जी से फोन पर बात हुई है और केंद्र से हर संभव मदद का भरोसा है।”

वहीं, वायु सेना के हेलीकॉप्टर भी रेस्क्यू में लगे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने पर्यटकों से भी अपील की कि वे मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा करें और ऐसी जगहों पर न जाएं जहां मौसम अत्यधिक खराब हो।

इस आपदा के चलते राज्य सरकार और केंद्र दोनों मिलकर राहत कार्यों में जुटे हुए हैं, ताकि सभी फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!